गयाजी जंक्शन पर रेल पुलिस अधीक्षक की समीक्षा बैठक, लंबित कांडों के त्वरित निष्पादन का निर्देश

गयाजी जंक्शन पर रेल पुलिस अधीक्षक की समीक्षा बैठक, लंबित कांडों के त्वरित निष्पादन का निर्देश

गयाजी जंक्शन पर रेल पुलिस अधीक्षक की समीक्षा बैठक, लंबित कांडों के त्वरित निष्पादन का निर्देश

गयाजी। रेल पुलिस अधीक्षक अनन्त कुमार राय गया जंक्शन पहुंचे, जहां उन्होंने राजकीय रेल पुलिस थाना में एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक आयोजित की। बैठक में रेल थाना क्षेत्र की विधि-व्यवस्था, लंबित कांडों की स्थिति तथा यात्रियों की सुरक्षा व्यवस्था की विस्तार से समीक्षा की गई।
पुलिस अधीक्षक ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि सभी लंबित मामलों का शीघ्र निष्पादन सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि अनुसंधान कार्य में किसी भी प्रकार की शिथिलता स्वीकार्य नहीं होगी। समयबद्ध और निष्पक्ष कार्रवाई करते हुए पीड़ितों को न्याय दिलाना रेल पुलिस की जिम्मेदारी है।
बैठक के दौरान गया जंक्शन परिसर में चोरी, जेबकटी, अवैध गतिविधियों और असामाजिक तत्वों पर नियंत्रण को लेकर भी चर्चा हुई। पुलिस अधीक्षक ने नियमित गश्ती बढ़ाने, प्लेटफॉर्म और यात्री क्षेत्रों में सतर्कता रखने तथा सीसीटीवी निगरानी को और प्रभावी बनाने के निर्देश दिए। साथ ही यात्रियों से शालीन व्यवहार और त्वरित सहायता सुनिश्चित करने पर जोर दिया।
उन्होंने कहा कि गया जंक्शन एक प्रमुख रेलवे स्टेशन है, जहां प्रतिदिन बड़ी संख्या में यात्री आते-जाते हैं। ऐसे में सुरक्षा और कानून-व्यवस्था बनाए रखना सर्वोच्च प्राथमिकता है।
इस बैठक में रेल पुलिस उपाधीक्षक आलोक कुमार सिंह, रेल पुलिस निरीक्षक शिव कुमार यादव सहित अन्य पुलिस पदाधिकारी एवं कर्मी उपस्थित थे।