झारखण्ड में अगले तीन दिनों तक बारिश के आसार, मौसम विभाग का अलर्ट, इन जिलों में होगी बारिश

झारखण्ड में अगले तीन दिनों तक के लिए मौसम विभाग ने अलर्ट जारी किया है। मौसम विभाग के मुताबिक कई जिलों में बारिश के साथ-साथ तेज हवा चलने और वज्रपात भी हो सकता है।

झारखण्ड में अगले तीन दिनों तक बारिश के आसार, मौसम विभाग का अलर्ट, इन जिलों में होगी बारिश

Ranchi : झारखंड में आने वाले तीन दिनों तक मौसम का मिजाज बदला हुआ रह सकता है। मौसम विभाग के अनुसार राज्य के कई जिलों में बादल छाए रहने, गरज-चमक के साथ बारिश होने और तेज हवा चलने की संभावना है। इसे देखते हुए मौसम विभाग ने येलो अलर्ट जारी किया है।

अगले तीन दिनों तक बारिश के आसार

मौसम विज्ञान केंद्र के मुताबिक 9 से 11 मार्च के बीच राज्य के कई हिस्सों में मौसम सक्रिय रहेगा। रांची समेत बोकारो, गुमला, खूंटी, लोहरदगा, रामगढ़ और चतरा जिलों में बारिश की संभावना जताई गई है। इसके अलावा दक्षिणी झारखंड के जिलों पूर्वी सिंहभूम, पश्चिमी सिंहभूम, सरायकेला-खरसावां और सिमडेगा में भी मौसम बदलने के संकेत मिल रहे हैं।

मौसम विभाग के अनुसार 9 और 10 मार्च को उत्तर-पूर्वी जिलों में मौसम ज्यादा सक्रिय रह सकता है। देवघर, दुमका, गोड्डा, साहिबगंज और पाकुड़ समेत आसपास के इलाकों में गरज-चमक के साथ हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। इस दौरान 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवा चलने और वज्रपात की भी आशंका जताई गई है।

मौसम विभाग का अलर्ट

खराब मौसम की संभावना को देखते हुए मौसम विभाग ने किसानों और आम लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है। विभाग ने कहा है कि आंधी-बारिश के दौरान खुले मैदान में जाने से बचें और पेड़ों के नीचे शरण लेने से भी परहेज करें। मौसम विभाग का अनुमान है कि 12 मार्च के बाद राज्य में मौसम धीरे-धीरे साफ हो सकता है।