बिहार विधानसभा चुनाव 2020 : खुफिया रिपोर्ट में पीएम मोदी की चुनावी सभाओं पर हमले की आशंका,प्रशासन अलर्ट
पटना : बिहार विधानसभा चुनाव के प्रथम चरण का चुनाव 28 अक्टूबर होना है। इस बीच, खुफिया रिपोर्ट में चुनावी सभाओं पर हमले की आशंका जताई गई है। इसे देखते हुए बिहार पुलिस मुख्यालय ने सभी जिलों के एसपी और सभी रेंज के आईजी-डीआईजी को अलर्ट जारी किया है। दरअसल, बिहार में इसी सप्ताह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ समेत कई बड़े नेताओं की रैली होनी है। इसको लेकर बिहार पुलिस मुख्यालय को सभा के दौरान हमले के संकेत मिले हैं। इस संकेत के बाद पुलिस ने अलर्ट जारी किया है।
बिहार पुलिस द्वारा जारी अलर्ट के तहत पीएम नरेंद्र मोदी, यूपी के सीएम योगी आदित्यनाथ के अलावा बिहार के सीएम नीतीश कुमार, नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव, उपमुख्यमंत्री सुशील मोदी समेत सभी वीआईपी चुनाव प्रचारकों की सभा में सुरक्षा के लिए अलर्ट जारी किया गया है।
बिहार में इन जगहों पर सभा को संबोधित करेंगे पीएम मोदी
पीएम नरेंद्र मोदी बिहार में होने वालेे विधानसभा चुनाव को लेकर 23 अक्टूबर से प्रचार की शुरूआत करेंगे। पीएम की पहली रैली सासाराम में होगी। उसके बाद गया और भागलपुर में रैली करेंगे। इस दौरान वे बिहार में लगभग सवा सात घंटे रहेंगे। भागलपुर के साथ ही गया और सासाराम में भी वे सभा को संबोधित करेंगे। 28 अक्टूबर को दरभंगा, मुजफ्फरपुर और पटना में तीसरी रैली करेंगे। 1 नवंबर को छपरा, पूर्वी चंपारण और समस्तीपुर में रैली करेंगे। 3 नवंबर को पश्चिमी चंपारण, सहरसा और अररिया के फारबिसगंज में होगी। कुल मिलाकर 12 रैली होगी।



admin@admin.com



